Tuesday, December 8, 2015

दुनिया को ग्‍लोबल वॉर्मिंग से निपटने के लिए अपनाने होंगे भूटान के ये तरीके..!

हम मानव अपने साथ हुए बुरे सलूक का बदला ले पाएं या नहीं, प्रकृति अपना बदला ले ही लेती है। नदियों-पहाड़ों को काटकर कॉन्‍क्रिट के जंगल बसाएंगे तो हश्र वही होगा जो बीते 3 सालों में हमने उत्तराखंड, कश्मीर में देखा और अब चेन्नई में देख रहे हैं। कश्मीर और उत्तराखंड में पर्यटन की संभावनाओं का खतरनाक स्तर तक दोहन ऐसी आपदाओं को निमंत्रण देने में सहायक रहा है। बीते बरसों में चेन्नई भी बहुत तेजी से तरक्की की राह पर बढ़ा, लेकिन तरक्की का यह रास्ता जिन पेड़ों-नदियों को काटकर बनाया गया, यह बाढ़ उसी की परिणति है।




हाल ही में पेरिस में हुए जलवायु सम्मेलन में दुनियाभर के राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री एकजुट होकर पर्यावरण के प्रति चिंतित दिखाई दिए। पर हकीकत ये है कि इस पर्यावरण को दूषित करने में इन्हीं देशों की भागीदारी सर्वाधिक है। उस सम्मेलन में हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी पूरे विश्व को दो खतरों से आगाह किया था, जो हर दिन तेजी से बढ़ रहा है। पहला आतंकवाद और दूसरा ग्लोबल वार्मिंग। बदकिस्मती से उनके चेताने के चंद घंटों बाद ही उसी फ्रांस की धरती पर आतंकवादी हमला हुआ। और दूसरे खतरे से हम पिछले 6 दिन से चेन्नई में जूझ रहे हैं।

भूटान से सीखना होगा दुनिया को ये सबक : दुनिया भर में अंधाधुंध औद्योगीकरण के कारण जो कार्बन उत्सर्जित हो रहा है, वह ग्लोबल वॉर्मिंग का बड़ा कारण रहा है। इन बड़े देशों को अपने से हर मायने में छोटे देश भूटान से सीखना चाहिए। हिन्दुस्तान का यह छोटा सा पड़ोसी मुल्क जितना भी कार्बन उत्सर्जित करता है, उसके जंगल उससे 3 गुना ज्यादा तक कार्बन डाईआक्साइड खुद में समाहित कर लेते हैं। कार्बन उत्सर्जन का अध्ययन कर रही ब्रिटेन की संस्था इकोनॉमिक एंड क्लाइमेट इंटेलिजेंस यूनिट (ECIU) की रिपोर्ट भूटान की इसी खूबी को बताती है। इसी कारण भूटान को कार्बन निगेटिव देश भी कहते हैं। तकनीक के मामले में यह देश चाहे जितना पिछड़ा हो, पर यहां जंगलों में दिनबदिन विस्तार ही हो रहा है।

वहीं इसके उलट अपने देश में रोजाना जंगलों की सीमा संकुचित होती जा रही है। हाल ही में भूटान ने एक घंटे में 50000 पौधों को रोपित कर विश्व रिकॉर्ड भी बनाया, जिसकी पूरे विश्व में प्रशंसा हुई थी। देश में मौसम अब इतना चौंकाता है कि मौसम चक्र बीती बातें सी लगती हैं। मई-जून में ही बारिश होने लगती है, तो दिसंबर में भी ठंड असरकारी नहीं दिखती। अक्टूबर-नवंबर तक घरों में अब एयरकंडिशनर चलाए जाते हैं।

बदलता मौसम कितना खतरनाक है, यह वर्तमान में इसी से समझा जा सकता है कि उत्तरी कर्नाटक सूखा है तो दक्षिणी कर्नाटक में भीषण बारिश हो रही। वहीं चेन्नई के हालात तो जगजाहिर हैं। 1950 के बाद से लगातार मॉनसूनी बारिश की दर में कमी आ रही है। अब किसी खास इलाके में समय विशेष के अंतराल में इतनी बारिश हो रही कि तबाही ही हो रही।





और बढ़ा दुनिया पर खतरा :  मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वैश्विक तापमान में यदि 2 डिग्री और इजाफा होता है तो मौसम चक्र और भी बेइमान हो जाएगा। यानी मॉनसून का कोई समय नहीं होगा। वैश्विक तापमान जितना बढ़ेगा, खतरा उससे कई गुना अधिक होता जाएगा। देश में मौसम विभाग की चेतावनी कितनी सटीक होती है,इसकी जानकारी सभी को है। उनके भरोसे रहकर इस संकट से नहीं निपटा जा सकता। अफसोस है कि प्राकृतिक आपदाओं की समय रहते चेतावनी हमें अभी भी नहीं मिलती।

उत्‍तराखंड त्रासदी थी भयावह : ढाई बरस पीछे का रुख करते हैं। उत्तराखंड की विभीषिका अभी भी जेहन में ताजा है। हिमालय के ग्लेशियरों का पिघलना पिछले कई दशक से जारी था। हमने ध्यान नहीं दिया। पिघलते ग्लेशियरों से ऊपरी इलाकों में कई जल कुंड बन गए। जब ग्लेशियर के पानी से जल कुंड भी लबालब हो गए तो ये फट पड़े। और परिणति में प्रकृति की ओर से दिया गया वो दर्द मिला जो कभी नहीं भुलाया जा सकता। हजारों लाशें पानी में बह गईं।

धरती अंदर से तप रही तो बाहर पहाड़ दरक रहे। ग्लेशियर गल रहे। इस समय अधिकांश हिमालयी ग्लेशियर क्षेत्रों में नमी को बरकरार रखने वाला मानसून लगातार कमजोर होता जा रहा है। इससे ग्लेशियरों को तेजी से पिघलना जारी है। लगातार ग्लेशियरों के गर्म होने और पिघलने के कारण उत्तरी भारत की अधिकांश नदियों के अस्तित्व पर भी संकट मंडरा रहा है। इनमें सिंधु और ब्रह्मपुत्र नदी सबसे ज्यादा डेंजर जोन के करीब हैं।



भारत पर है नदियों का खतरा : नदियों का क्रोध हम हिंदुस्तानी हर साल देखते ही हैं। बिहार में हर साल नदियां अपना रौद्र रूप दिखाती हैं। कोसी और घाघरा जैसी नदियां तो मैदानी इलाकों की हैं, तो बचने का मौका मिल भी जाता है। पहाड़ी नदियों का वेग तो बचाव का भी मौका नहीं देती। इसकी बानगी हमने पिछले साल ही कश्मीर में देखी, जब झेलम ने आधे से ज्यादा कश्मीर में तबाही मचाई थी। बर्फ से लकदक रहने वाली सड़कें पानी में गुम हो गईं थीं। ग्लेशियर पिघलेंगे तो जाहिर है समुद्र का जलस्तर बढ़ेगा। यह और भी बड़ा खतरा है।

भविष्य में समुद्र तटों पर बसे शहरों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसकी सर्वाधिक मार उन्हीं पर पड़ेगी। मुंबई और चेन्नई जैसे शहर सबसे पहले इसकी जद में आएंगे। कहते हैं दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है। पर इतनी विनाशलीला देखने के बाद भी भारत ही नहीं, विश्व के सभी देश अभी भी पुराने ढर्रे पर ही चल रहे हैं।

ग्लोबल वार्मिंग के खतरे से वाकिफ होने के बाद भी प्रकृति पर चोट करने वाले काम कर रहे हैं। और फिर साल में दो-तीन बार किसी एक देश में पर्यावरण बचाने को सम्मेलन में सिर्फ चिंता जताते हैं। हमें यह याद रखना चाहिए कि यह धरती जितनी उदार है, उतनी ही कठोर भी। इसके हित का ध्यान रखते हुए काम करेंगे तो यह भी हमारा ख्याल रखेगी, नहीं तो नतीजा सबके सामने ही है।

Monday, December 7, 2015

अटल जी, अच्छा ही है कि आप ‘मौन’ हैं...

मुद्दा ये नहीं कि भाजपा की बिहार में बुरी गति हुई है। मुद्दा ये भी नहीं कि इस हार का ठीकरा किसी एक के सिर नहीं फोड़ा गया। मुद्दा ये है कि पार्टी में हाशिए पर पड़े वयोवृद्ध नेता अरसे बाद जब साहस जुटाकर कुछ कहते हैं तो उन्हें ही पार्टी की परंपरा का ‘ज्ञान’ दिया जाता है। कभी पार्टी के नीति-नियंता रहे नेताओं को बताया जाता है कि पार्टी में क्या रवायत रही है या यों कहें कि उन्हें ‘आईना’ दिखाया जाता है। ये वही नेता हैं जिन्होंने इस पार्टी को अपना पूरा जीवन देकर इसे सिंचित किया, अपनी बौद्धिक कुशलता, सामाजिक सक्रियता से इसे पुष्पित-पल्लवित किया।


यह देखकर सोचता हूं कि अच्छा हुआ जो अटल जी ‘मौन’ ही हो गए हैं। वरना पार्टी के भीष्म पितामह लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी की तरह वे भी थोड़े बहुत सक्रिय रहते तो उन्हें भी दो टूक पार्टी की परंपरा बता दी जाती। भारतीय जनता पार्टी के स्तंभ रहे नेताओं के साथ ऐसा बर्ताव देखकर लगता है कि महत्वाकांक्षा मनुष्य को कितना पतित कर सकती है। कभी ये नारा बहुत उछला था- भारत मां की तीन धरोहर, अटल आडवाणी और मुरली मनोहर। इन धरोहरों की पार्टी को आज फिक्र क्यों नहीं है। आज ये ‘लाइट हाउस’ पार्टी में क्यों अप्रासंगिक हो गए हैं। अटल जी तो सालों पहले ही राजनीति से संन्यास ले चुके हैं। आडवाणी और जोशी को विवश किया जा रहा कि वे भी चुप ही हो जाएं, अन्यथा उन्हें भी रास्ता दिखा दिया जाएगा। हालांकि राजनीतिक वनवास पर तो ये सभी नेता हैं ही। 



हालांकि ये अच्छा है कि पार्टी की कमान नए नेताओं को दी जाए। उन्हें वरीयता दी जाए। बड़े अवसर दिए जाएं, पर इसका ये तो मतलब कतई नहीं होना चाहिए कि पुराने नेताओं की सरेआम तौहीन की जाए। बेशक आपने उन्हें पार्टी का मार्गदर्शक बना दिया है। पर यही मार्गदर्शक मंडल जब महसूस करे कि पार्टी गलत राह पर जा रही है, तब कोई राह दिखाए तो उल्टा उन्हें ही रवायत की हिदायत दी जाए। ये तो कहीं से भी मुनासिब नहीं। आडवाणी को 2013 में गोवा की कार्यकारिणी में जलील किया गया।


2014 में जोशी को इलाहाबाद-लखनऊ चाहते हुए भी कानपुर का टिकट थमा दिया गया। यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी को तो पार्टी अब अपना मानने से भी कतराती नजर आती है। शत्रुघ्न सिन्हा का बिहार में क्या हाल रहा, ये तो हम सभी देख ही रहे हैं। गलत को गलत कहने पर उन्हें भी ‘सूली’ पर चढ़ाने की तैयारी कर ली गई है। गृह राज्य होने के बाद भी यशवंत और शत्रुघ्न को बिहार चुनाव में कोई जिम्मेदारी तो दूर, राय तक नहीं ली गई। यह एक संकेत है। 


पार्टी में आडवाणी जोशी की क्या हालत हो गई है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अपनी बात कहने के लिए इन्हें साझा बयान देना पड़ रहा है। यानि इन्हें पता है कि अकेले कहने पर किसी के कान में जूं तक नहीं रेंगेगी। अपनी बात कहने के लिए आडवाणी, जोशी, शौरी और यशवंत को एक साथ ‘चिल्लाना’ पड़ता है ताकि उनकी बात भी सुनी जाए। उन्हें साफ-साफ कहना पड़ता है कि हार की जिम्मेदारी तय हो। हारने वाले खुद हार की समीक्षा नहीं कर सकते। क्या गलत कहा। पर अफसोस यह भी बेकार हो गया। उनकी बात को खारिज करते हुए पार्टी की परंपरा सिखाई गई। कहा गया कि पार्टी में हार-जीत की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। हार-जीत तो वाकई होती रहती है, पर बुजुर्गियत का हवाला देकर उनके संदेश को ही अनसुना कर देना जायज नहीं है। 


दरअसल जो पार्टी वंशवाद को तोड़ते हुए अपने अनुशासन और एक-दूसरे के मान-सम्मान के लिए जानी जाती हो, सबको कहने और सबको सुनने के लिए जानी जाती हो, वहां पार्टी स्तंभों की ऐसी नजरंदाजी को नजरंदाज नहीं किया जा सकता। ठीक है कि पुराने का स्थान नया लेता है। पर जिन्हें आपने कभी धरोहर कहा, उसके साथ ही इतनी बेरुखी ठीक नहीं। नए को मौका दीजिए, भरपूर दीजिए। पर पुराने खासतौर पर आडवाणी, जोशी के साथ तो ऐसा सुलूक मत करिए।

(12 नवंबर को लिखी पोस्ट)

Wednesday, July 29, 2015

स्वीकारोक्ति


वैसे जानता तो मैं उसे काफी पहले से था, लेकिन शुरू में वो मुझे बिलकुल भी अच्छी नहीं लगती थी। बचपन में हम एक-दूसरे को कनखियों से ही देखते थे। पर बीते 10 सालों के दौरान उससे एक अटूट सा रिश्ता बन गया। हमारी पहली मुलाकात साल 2006 में हुई। हालांकि वो मुलाकात एक मजबूरी में ही हुई थी।

घर से 1300 किलोमीटर दूर जम्मू जाने पर बहुत बुरा लगा। अचानक जैसे सब कुछ छूट गया, पर उसकी मौजूदगी ने कुछ हिम्मत बढ़ाई थी। जम्मू में ही मैंने उसे और करीब से जाना। जीवन के अकेलेपन को काफी हद तक उसने भरा। उसकी खासियत और हर बुरे वक्त में साथ निभाने की अदा का मैं भी कायल हो गया। शुरू में जितना उससे चिढ़ता था, अब उस पर उतना ही फिदा हो गया। धीरे-धीरे कई शहर बदल दिए। जम्मू, औरंगाबाद, मुंबई, पानीपत, गोरखपुर और अब आगरा। शहर बदले, दोस्त बदले पर वो न बदली।

बीच में कुछ दिनों के लिए मैंने उसका साथ छोड़ दिया, पर उसकी मोहब्बत कम न हुई। दोबारा वो याद आई तो फिर उसी शिद्दत से मिली। हमेशा की तरह मेरे लिए फिक्रमंद। फिर वही सुकून मिला जो पहली, दूसरी या तीसरी मुलाकात में मिला करता था। कई बार बुरे वक्त में उसने जिस तरीके से मेरा साथ दिया, उसने दिल जीत लिया। काम के तनाव और थकान से हारा हुआ सा लगता था, पर उसके सामने आते ही नई ऊर्जा आ जाती थी। दो मिनट की मुलाकात ही तरोताजा कर देती थी। समय बीतने के साथ हम दोनों की नजदीकियों की खबर दोस्तों के बाद घरवालों को भी हो गई। दोस्तों ने नसीहत दी कि भाई उससे दोस्ती ठीक नहीं। कभी-कभी की मुलाकात तो ठीक, पर लंबे समय का साथ अच्छा नहीं है। लेकिन वे टोकते-टोकते थककर चुप हो गए। ना-नुकुर करते हुए वे भी मान गए। ताज्जुब कि घरवालों ने इस रिश्ते पर ऐतराज नहीं जताया। शायद उन्हें मेरी मजबूरी पता थी। उन लोगों को भी वह बहुत पसंद थी। उसके गुणों से वाकिफ घरवाले भी गाहे-बगाहे उसके बारे में पूछ लेते थे। अब मुझे भी लगता था कि उसके बिना तो गुजारा नामुमकिन हो गया है।

लेकिन, इधर कुछ दिनों से लोगों ने उस पर एक तोहमत लगा दी है। लोगों का कहना है कि उसने मुझे बिगाड़ दिया है। उससे मुझे खतरा है। ऐसे लांछन से उसका वजूद ही संकट में आ गया है। मैं भी उसका बचाव नहीं कर पा रहा। जमाने के दबाव के आगे मुझे भी झुकना पड़ रहा। मुझे भी उससे दूर होना पड़ रहा। उसका साथ छोड़ना पड़ रहा। पिछले 10 सालों से जिस तरह उसने मेरा साथ निभाया, वह हमेशा याद रहेगा।
तुम बहुत याद आओगी मेरी प्यारी मैगी।
— feeling sad.
--------------------------------------------------------------------------------------------------------
नोट : अपनी प्रेम कहानी मैंने उस वक्त लिखी थी, जब मैगी के ‘चरित्र' पर शक किया जा रहा है। पिछले दो महीने से मैगी की ‘अग्निपरीक्षा' लैब में ली जा रही है। मैगी के बाइज्जत बरी होने का मुझे बेसब्री से इंतजार है।

Friday, July 24, 2015



यूं इतनी खामोशी से तुम्हारा चले जाना... (2)


अभी सितंबर की ही तो बात है। उसकी मम्मा ने स्केटिंग क्लास में उसका एडमिशन कराया। नई स्केट किट खरीदी गई। मम्मा-डैडी ने जितने शौक से बच्चे के लिए किट खरीदी थी, बच्चा उससे भी ज्यादा शौक से उसे पहन स्केट करना सीख रहा था। महज एक सप्ताह ही हुए थे स्केटिंग क्लास जाते हुए। स्केट किट पहन स्कूल में क्लासमेट्स के साथ की उसकी फोटो ही हमारे पास उसकी अंतिम फोटो है। उसमें पूरी किट पहन वह स्केट करता दिख रहा है। हर चीज सीखने की उसकी चाहत से लगता था कि जानें कितनी जल्दी थी उसे सारी चीजें सीखने की। इतनी कम उम्र में वह डांस क्लास, स्वीमिंग क्लास और अब स्केटिंग क्लास ज्वाइन कर ली थी। स्कूल टाइम तो था ही। मम्मा दौड़ती-भागती रहती थी अपने बेटे को लेकर। पहले स्कूल, फिर डांस क्लास तो कभी स्वीमिंग क्लास और अभी नई क्लास शुरू हुई थी स्केटिंग की।

मुंबई में वह जितना स्मार्ट, समझदार और वेल मैनर्ड बच्चा था, अपनी नानी के घर कानपुर आकर उतना ही शैतान। बदमाशी सीखने में नानी के घर के सात दिन ही काफी होते थे। हर रोज एक नई शैतानी। मम्मा-डैडी भी हैरान कि सिर्फ एक दिन में ये कैसे मुंबई से कानपुर आकर बदल जाता है। शैतानी और देखनी हो तो सामने से मम्मा-डैडी को हटा दीजिए, फिर देखिए पैसे वसूल ‘अमोघ शो’। इतनी शैतानियों के बीच कुछ शैतानी काउल मामा और चीतेश भाई भी सिखा देते थे। जैसे ए बी सी डी में डी फॉर डंकी के जगह डी फॉर ढेंचू सिखाया गया। ऐसे तो सबके सामने डी फॉर ढेंचू ही बोलता पर जहां मम्मा-डैडी सामने आते तो ढेंचू से डंकी हो जाता। यानी मम्मा-डैडी का टेरर पूरा था।

बड़े होने के साथ-साथ उसकी क्यूटनेस और बढ़ती जा रही थी। यही वजह है कि बाहर कोई भी उसे एक बार देखता तो स्माइल के साथ हाय-बाय करता। डैडी-मम्मा के साथ एक बार ग्रोवल मॉल गया था। एक शॉपकीपर ने उसे देखा तो स्माइल कर हाय करने लगा। मम्मा का हाथ पकड़े अमोघ ने भी क्यूट सी स्माइल दी और मम्मा से सवाल किया, मम्मा मैं स्मार्ट लग रहा हूं ना। वो अंकल मुझे देखकर स्माइल कर रहे हैं। हां बेटा आप बहुत नाइस लग रहे हो। मम्मा का इतना कहना था कि उसने अपने बालों पर हाथ फेर दिया।

कोई चीज उसे पसंद आ जाए तो उसे मांगने का तरीखा भी बिलकुल जुदा था। डायरेक्ट मांगने की बजाए वो मम्मा से कहता कि मम्मा ये अच्छी नहीं है ना...। इतना कह उस चीज को ललचाती नजरों से देखता। यानी चाहिए पर कहना नहीं है। ऐसे ही एक बार मॉल में ट्वॉयज की शॉप के सामने से गुजरना हुआ। वहां रखी एक कार जनाब को पसंद आ गई। आदतन कहा तो कुछ नहीं, पर पलटकर लगातार उसे देखते जा रहा था। मम्मा और डैडी समझ गए। वापस पहुंचे शॉप पर। पूछा, अमोघ कुछ चाहिए? जवाब में जनाब ने ना में सिर हिलाया और कार देखने लगे। यानि कार ही चाहिए, बस और कुछ नहीं। सो कार दिलाई गई।  उसने कभी किसी को इरिटेट नहीं किया। बेवजह की फरमाइशें तो जैसे उसे आती ही नहीं थीं। मम्मा-डैडी ने जितना किया, उतना ही उसके लिए काफी होता था। अमोघ मम्मा-डैडी में खुश और मम्मा-डैडी अमोघ में खुश।

अमोघ की समझदारी का भी एक किस्सा पढ़िए। पानी से उसे बेहद प्यार तो था ही, इसलिए दिन में कई बार हैंडवॉश भी करता था। एक बार स्टूल पर चढ़कर वॉश बेसिन में हाथ साफ कर रहा था। हाथ साफ करने के बाद लाइट ऑफ करने के लिए बगल में ही लगे स्विच का बटन गीले हाथ से दबाया। दबाते ही झटका लगा। कुछ देर बाद डैडी भी हैंड वॉश करने पहुंचे। उन्होंने लाइट ऑफ करने के लिए कर्टेन के सहारे से बटन दबाया। अमोघ ने ये देख लिया। उसके बाद से मजाल है कि वहां कभी उसने गीले हाथ से बटन दबाया हो। पापा को कॉपी करके कर्टेन के ही सहारे अब लाइट ऑफ करता था। ऐसी न जानें कितने ही वाकये हैं जो पलकें भिगो देते हैं।

उसे गए हुए करीब 10 महीने हो रहे हैं। जाने के बाद ऐसा लग रहा था कि हम सब लाइफ में इतनी प्लानिंग करते हैं। बुढ़ापे तक की प्लानिंग कर लेते हैं। तमाम टारगेट फिक्स कर लेते हैं। ऐसा हुआ तो ये करेंगे, वैसा हुआ तो वो करेंगे, इस तरह जानें कितनी ख्वाहिशों, उम्मीदों और जिम्मेदारियों को अपने ऊपर ओढ़ लेते हैं। लेकिन ऊपर वाले की क्या प्लानिंग है, इससे पूरी तरह अंजान होते हैं। जिसकी कल्पना भी नहीं कर सकते, वैसा सोचने, सहने और समझते हुए आगे बढ़ने को मजबूर हो जाते हैं।

अमोघ के जाने पर भी ऐसा ही हुआ। उसके मम्मा-डैडी ने उसके लिए जानें कितनी प्लानिंग कर रखी थीं। इसीलिए इतनी कम उम्र में ही उसे डांसिंग, स्वीमिंग और स्केटिंग क्लास ज्वाइन कराई। मीरा रोड के सबसे अच्छे स्कूल में एडमिशन कराया। उसके लिए हर उस चीज का इंतजाम किया, जिससे उसका ब्रेन और डेवलप हो सके। इन्हीं कोशिशों का असर था कि वो जैसे-जैसे बड़ा हो रहा था, उसके सवाल भी उतने लॉजिकल होते जा रहे थे।  हालांकि अमोघ को लेकर मम्मा-डैडी की उम्मीदों का आसमान जितना ऊंचा था, उसका अहसास उन्होंने कभी बच्चे को होने नहीं दिया। अमोघ जब जो चाहे वो करे, शर्त सिर्फ एक थी कि वो बैड मैनर्स में शुमार नहीं होनी चाहिए। मम्मा-डैडी अमोघ को डॉक्टर-इंजीनियर बनाने से पहले एक अच्छा इंसान बनाना चाहते थे। इसी वजह से परवरिश भी वैसी ही की जा रही थी। लेकिन, सारी कोशिशें, सारी उम्मीदें ऊपरवाले की प्लानिंग के आगे 10 सितंबर 2014 को दम तोड़ गईं।

वो मनहूस रात ताउम्र याद रहेगी...।

Wednesday, November 19, 2014

यूं इतनी खामोशी से तुम्हारा चले जाना...


जीना कोई उससे सीखे। पांच साल में हर पल नई उमंग, उत्साह और उल्लास से भरा हुआ। उसकी आदतों ने बहुत कम उम्र में उसे सबका चहेता बना दिया था। मुंबई के मीरा रोड स्थित मीरा दर्शन सोसायटी में रहने वाला हर शख्स उसके मोहजाल में फंसा था। पांचवे फ्लोर पर बने घर में जाते-आते समय जो मिलता, उससे हाय-बाय जरूर करता। रिप्लाई मिले या नहीं, उसे तो बस उसी मासूमियत से अंकल बाय-आंटी हाय कहना था। किसे पता था कि ये छलिया है। सबको छलेगा।

 बच्चों में भी उसकी स्वीटनेस, क्यूटनेस उसे सबसे अलग करती थी। स्कूल से लेकर डांस क्लास तक, स्केटिंग से लेकर स्वीमिंग क्लास तक... सबके सब उसके फैन थे। सभी उसे नाम से ही पुकारते थे। अमोघ...। उसकी पॉपुलेरिटी का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि स्केटिंग क्लास में जाते उसे सिर्फ दो दिन हुए थे। सारे बच्चों को उसके ट्रेनर ग्रीन टीशर्ट, यलो टीशर्ट, रेड टीशर्ट से बुलाते और अमोघ को उसके नाम से। ये जादू यूं ही नहीं चला था। वो था ही इतना डैशिंग और स्मार्ट। यही हाल उसके स्कूल और सोसायटी में भी था। सब जैसे उसी का इंतजार करते कि कब अमोघ आए और हम उसके साथ खेलें, बात करें। वो काफी टॉकेटिव भी था।

उसकी मासूमियत, उसकी शरारतें, उसकी अदाएं और इन सब पर भारी उसका स्टाइल। फैशन किस चिड़िया का नाम है, उसने बहुत जल्दी सीख लिया था। घूमने जाना हो या फिर स्कूल, खुद तैयार होने की कोशिश करता। होने भी लगा था। मोजे छोड़ सारे कपड़े खुद पहनता था। थोड़ी मशक्कत कर अब तो वह मोजे भी खुद ही पहनने लगा था। उसे खुद ड्रेसअप होने में ही मजा आता था। पैंट-शर्ट, जूते-मोजे पहनना। टाइटन की एक यलो वॉच उसकी फेवरेट थी। काफी कोशिश कर उसे भी खुद पहनता था। मम्मा तैयार करती तो टोकता, मैं तैयार हो रहा हूं ना। आप रहने दो।

वेल ड्रेसअप होने के बाद बालों में डैडी वाली हेयर क्रीम लगाता। फिर स्पाइकी हेयर स्टाइल कर कमर पर हाथ रख पूरे घर में उसका इठलाना देखते ही बनता था। बालों से उसे बेइंतहां प्यार था। मजाल है कि कोई उसके बाल छू ले। उसका हेयर स्टाइल बिगाड़ दे। कटिंग भी कराने जाता तो कटिंग वाले अंकल से हेयर स्टाइल बताते हुए कहता कि अंकल ऐसे नहीं ऐसे...। अंकल भी उसकी हरकतों पर मुस्कुराते हुए कटिंग करते। नानी के घर आने पर सबको हेयर स्टाइल दिखाता था।

साफ बोलना उसे काफी देर से आया। कभी-कभी तो मां भी परेशान हो जाती कि इस उम्र में तो बच्चे जबान तोड़ बातें करते हैं और मेरा लाल है कि कुछ साफ ही नहीं बोलता। पर उसे इस बात की तसल्ली थी कि मेरा बच्चा जो बोलता था वह मीठी मिश्री सी कानों में घुलती थी। सुनने वाला हर शख्स उसकी बातों पर फ्लैट हुए बिना रह ही नहीं सकता था। मां कहती भी थी कि बेटा धीरे बोल पर मीठा बोल। हालांकि अब उसने साफ बोलना शुरू ही किया था। अभी तक वह तोतली भाषा में ही अपनी बात कहता था। मसलन, काउल मामा, लाजू मामा, चीतेश भाई और फेवरेट चीटी आंटी।

रोना और पिनकना तो जैसे उसे आता ही नहीं। हर हालात और हर समय खुश रहना। हां, नाराजगी जताने का उसका अंदाज भी अलग था। दोनों हाथ पीछे बांध सिर नीचे कर चलना। किसी से न कुछ कहना न देखना। अगर थोड़ी देर में कोई उसे नोटिस न करे तो कनखियों से देखना कि कोई मुझे देख रहा या नहीं। कोई देख ले तो फिर पुरानी स्टाइल में आ जाना। नजरें जमीन पर और चेहरे पर नटखट नौटंकी के भाव।

अभी सब कुछ अच्छा ही तो चल रहा था। राहुल मामा को व्हाट्स एप पर हर्ट शेप मैसेज भेजकर खुश होता। फिर फोन भी करता। कहता कि मामा मैंने आपको हर्ट शेप भेजा। मामा रिप्लाई करते तो दौड़कर मम्मा को फोन दिखाता और खिलखिलाकर कहता कि देखो मम्मा... मामा ने भी मुझे व्हाट्स एप पर हर्ट शेप भेजा। डैडी को भी मैसेज भेजता। फोन करने पर डैडी अगर बात न करें तो मामा को फोन कर डैडी की शिकायत कि राहुल मामा... डैडी अमोघ का फोन नहीं उठा रहे हैं। आप उनसे बात करिए और कहिए कि अमोघ को फोन करें। अमोघ को उनसे बात करनी है।

कॉपी पेंसिल थामते ही उसने ड्राइंग करनी शुरू कर दी थी। स्कूल में ड्राइंग में मिला होमवर्क हो या घर पर यूं ही कुछ ड्राइंग करना हो। पूरे पेज पर सबसे पहले वो तीन सर्किल बनाता था। दो बड़े और बीच में एक छोटा सर्किल। तीनों में आंख, नाक कान, बाल बनाता और फिर मम्मा को दिखाता। मम्मा... ये डैडी, ये आप और बीच में अमोघ। मम्मा... हम तीनों फैमिली हैं ना...। अमूमन मां-बाप ही बच्चे को सिखाते कि बेटा हम तीनों फैमिली है, लेकिन वो बच्चा उल्टा मम्मा-डैडी को सिखाता कि हम तीनों फैमिली हैं ना...।

पूरी ड्राइंग की कॉपी और दो मोटी डायरी उसकी ऐसी ही तीन फैमिली सर्किल से भरी पड़ी है। स्कूल में ड्राइंग के लिए चाहे जो भी उसे टॉपिक मिले। सारे टॉपिक, टीचर के सारे ऑर्डर एक तरफ। वो सबसे पहले तीन फैमिली सर्किल ही बनाता था। घर आकर मम्मा को कॉपी दिखाता कि मम्मा... आज मैंने स्कूल में हम तीनों की फोटो बनाई। अपनी छोटी सी अंगुली रख बताता कि ये डैडी, ये मम्मा और बीच में ये अमोघ। और हम तीनों फैमिली हैं ना... ये लाइन जरूर बोलता।

उस बच्चे को जल्दी बड़ा होना था। हर चीज बड़ी तेजी से सीख लेता था। कपड़े पहनना क्या सीखा उसने, मम्मा के हाथों तैयार ही नहीं होता। मम्मा कपड़े पहनाने की कोशिश भी करती तो मना कर देता। कहता कि मम्मा... अब मैं बड़ा हो गया हूं ना। मैं पहन लूंगा। छोटा कहते ही वो चिढ़ सा जाता था। किसी ने अगर ये कह दिया कि अमोघ लोअर केजी में पढ़ता है। तो उसे डांटने के अंदाज में कहता कि ... नहीं, अमोघ सीनियर केजी में पढ़ता है। उसे छेड़ना हो तो बस उससे लोअर केजी की बात कह दीजिए। नाक-भौं सिकोड़ लेता। कितना क्यूट लगता था। उतना ही सुंदर जितना उसका स्माइली फेस, शायद उससे भी सुंदर। बडे़ होने की इतनी जल्दी कि एक बार पापा को शेव करते देख खुद भी शेविंग फोम गालों पर लगा लिया। मम्मा से कहता कि मुझे भी शेव करनी है। अब उसकी इस बात पर क्या किया जाए, सिवाए उसकी मासूमियत पर हंसने के।

अपनी जान उसे बेहद प्यारी थी। वो हर काम करता था, सिवाए उसके जिससे उसे चोट लग सकती थी। खुद की सेफ्टी का वो शुरू से ही ध्यान रखता था। शायद इसी कारण पांच साल का होने पर भी उसके शरीर पर एक चोट का निशान न था। चोट तो खैर छोड़िए, एक खरोंच भी नहीं लगी थी। खुद तो एलर्ट रहता ही था, उससे ज्यादा उसकी मां। साये की तरह उससे चिपकी रहती थी। साइकिल चलाने पार्क में जाता तो भी उसके पीछे-पीछे दौड़ती। सोसायटी की उसकी फ्रेंड भी कहतीं कि श्वेता उसे छोड़ दो अकेले। वो अब बड़ा हो गया है। लेकिन मां कहां मानने वाली, दौड़ती रहती अपने लाल के पीछे कि कहीं गिर ना जाए। गिरे भी तो मैं तुरंत पकड़ लूंगी।

जब चलना भी न सीखा था, तभी से वो खुद की हिफाजत करता था। बेड पर से कभी वो जमीन पर नहीं गिरा। और बच्चों के लिए बेड पर ही तकिया या फिर बेडशीट से बेरीकेडिंग कर दी जाती है। लेकिन उसके लिए आज तक ऐसा नहीं किया गया। सोते हुए या फिर खेलते हुए बेड के किनारे आ भी जाए तो हाथ से आइडिया लेता कि कितना किनारे आ गया। डेंजर जोन में आते ही वापस हो लेता। ये हरकत सभी को हंसाती। चलना भी उसने काफी जल्दी सीखा। क्रॉल शुरू करने के कुछ ही समय बाद वह चलने लगा था। वॉकर से भी चलता कम स्किट ज्यादा करता। सीढ़ी चढ़ना-उतरना हो या दरवाजा बंद करना हो, मजाल है कि उसे चोट लग जाए या गिर जाए। खुद की सेफ्टी उसे बहुत अच्छी तरह से आती थी।

खिलौनों में सिर्फ उसे कार ही पसंद थी। वो चाहे जैसी हो, होनी कार ही चाहिए। उसका टूथब्रश भी कार की शेप वाला ही था। डैडी की वैगनआर की चाबी हमेशा उसकी पैंट में लटकी होती थी। डैडी के साथ कार में बैठकर उसका इतराना। विंडो के पास शैतानी करना। कार की चारों सीटों पर यूं उछलकूद करना जैसे बेडरूम का बेड हो। ड्राइव कर रहे डैडी को बड़े गौर से देखता था। गोयाकि गाड़ी चलाना सीख रहा हो। कारों के शौकीन इस बच्चे को छोटी-बड़ी अधिकतर कारों के नाम पता थे। कारों में फेवरेट उसकी होंडा सिटी थी। सड़क पर चलते हुए होंडा सिटी दिख जाए तो उछल पड़ता था। कारों की इतनी सटीक पहचान कि आगे चलती कार देखकर डैडी को नाम बता देता था। वो होंडा की हो या हुंडई की। डैडी से अक्सर पूछता था कि डैडी हमारी छोटी कार बड़ी कब होगी। डैडी भी बच्चे की खुशी के लिए होंडा सिटी खरीदने की सोच ही रहे थे, लेकिन अफसोस उसकी कई ख्वाहिशें पूरी न हो सकीं।

                                                                                                                                               शेष जारी...

Saturday, August 23, 2014

big break

its a very long time to write something....lots of things waiting to come on board....

Sunday, February 13, 2011

कमाल के हैं काका कलाम








































आत्मविश्वास से लबरेज आवाज, आंखों में चमक, बेहिसाब तजुर्बा जिसे बालों की सफेदी बखूबी बयां कर रही थी, चाल धीमी पर सधी हुई, बच्चों को देखते ही ऐसी मुस्कान जो सभी का दिल जीत ले...
ये उस शख्सियत की चंद खासियत है, जिन्हें हम मिसाइलमैन, बच्चों के काका, दूसरे महात्मा और देश के 11वें राष्ट्पति डा. अवुल पाकिर जैनुलअब्दीन अब्दुल कलाम के नाम से जानते हैं। गोरखपुर के सेंट जोसेफ स्कूल में 10 फरवरी को कलाम बच्चों से मिलने आए थे। स्कूल के प्रिंसिपल के अनुरोध पर वे मना नहीं कर सके। कैंपस में आसपास के जिलों से कुल 2500 बच्चे आए थे। कुछ के पैरेंट्स भी कलाम के सम्मोहन में बंधे स्कूल खिंचे चले आए थे, बिलकुल मेरी तरह। 3.30 बजे उनके आने का समय था। बच्चे 2.30 बजे से ही अपने काका का गर्मजोशी से इस्तकबाल करने के लिए कतारबद्ध होकर खड़े थे। कलाम ठीक सवा चार बजे कॉलेज कैंपस में दाखिल हुए। उनको देखते ही बच्चों की बांछे खिल गईं। फिर तालियों की गड़गड़ाहट जो शुरू हुई वो पांच मिनट तक कैंपस में गूंजती रही। रेड कारपेट से मंच तक जाते हुए कलाम जितने बच्चों से मिल सकते थे, मिले। किसी के सिर पर प्यार से हाथ फेरा तो किसी से पूछा हाउ आर यू माय डियर ? किसी से हाथ मिलाया तो किसी को दुलारा। कई बच्चों ने तो काका का हाथ यूं पकड़ लिया मानो वे उन्हें छोड़ना ही नहीं चाहते थे। रही सही कसर कैमरामैन और फोटोग्राफर्स पूरी कर रहे थे। भीड़ इतनी थी कि मंच तक पहुंचने में ही पांच मिनट तक लग गए। जब तक कलाम सीट पर नहीं बैठ गए, तब तक तालियां बजती रहीं। यह गूंज बच्चों के उत्साह को बता रही थी।
एक कल्चरल डांस के बाद वेलकम सांग और फिर वह पल आया जिसका सबको इंतजार था। कलाम के माइक संभालते ही लगभग 3000 की भीड़ में ऐसा सन्नाटा छाया जैसे उस कैंपस को पिन ड्ाप साइलेंस जोन घोषित कर दिया गय हो।
हैलो फ्रेंड्स! यह कहकर कलाम बच्चों से मुखातिब हुए। उन्होंने डायस पर आते ही बच्चों से कहा कि वे 40 मिनट लेक्चर देंगे और 40 मिनट बच्चों से सीधे बात करेंगे। बच्चों से पूछा कि आप पहले क्या पसंद करेंगे? लेक्चर या डायरेक्ट कन्वर्सेशन? इससे पहले कि बच्चे कुछ जवाब देते कलाम ने खुद ही कहा वे पहले बच्चों से बात करेंगे। हालांकि बच्चों से बतियाने में काका इतने मशगूल हो गए कि उन्हें समय का ध्यान ही नहीं रहा और वे बिना रूके बिना थके दो घंटे लगातार बोलते रहे।

सबसे पहले उन्होंने बच्चों से पूछा-
  1. हाउ मेनी चिल्ड्रेन वांट टू बी एन इंजीनियर एंड साइंटिस्ट? जवाब में सभी बच्चों ने हाथ उठाया।
  2. हाउ मेनी चिल्ड्रेन वांट टू बी ए डाक्टर? अधिकतर बच्चों ने हाथ उठाया।
  3. हाउ मेनी चिल्ड्रेन वांट टू बी एन आईएएस आर आईपीएस? अधिकतर बच्चों ने हाथ उठाया।
  4. हाउ मेनी चिल्ड्रेन वांट टू बी ए ग्रेट टीचर? इस बार कुछ कम हाथ उठे।
  5. हाउ मेनी चिल्ड्रेन वांट टू बी ए पॉलीटीशियन? इस प्रश्न के उत्तर में 2500 बच्चों में सिर्फ दो ने हाथ उठाए।
यह देख कलाम भी खुद का हंसने से नहीं रोक पाए। उन्होंने दोनों बच्चों से सवाल किया? व्हाई यू वांट टू बी ए पालीटीशियन एंड व्हाट विल यू डू एस ए पालीटीशियन? एक ने जवाब दिया - टू मेक ए करप्शन फ्री कंट्ी और दूसरे का जवाब था टू मेक ब्यूटीफुल अवर कंट्ी एंड इट्स इन्वायरमेंट। जवाब सुन कलाम भी गदगद हो गए। कहा- गाड ब्लेस यू माई डियर चिल्ड्ेन।
  • फिर पूछा- हाउ मेनी चिल्ड्ेन वांट टू बी ए गुड फार्मर? इस सवाल पर एक भी बच्चा हाथ उठाने का साहस नहीं कर सका। फिर सारे बच्चे एक दूसरे का मुंह ताकने लगे। फिर फुसफुसाहट हुई। कुछ देर की यह फुसफुसाहट एक गंभीर सवाल छोड़ गई।
बच्चों में किसानों के प्रति यह बेरूखी तो लाजिमी है। समझ में आता है कि समय के साथ कदमताल करने की चाहत रखने वाला आज का यूथ खेती-किसानी के बारे में तो सपने में भी नहीं सोच सकता। अधिकतर की चाहत किसी एमएनसी में हैंडसम सेलरी पर काम करने की होती है। पर देश के कर्णधार कहलाने वाले नीति-नियंता राजनीतिज्ञों के प्रति हमारे नौनिहालों की यह सोच सभी को कुछ देर सोचने पर विवश करती है। बेशक कई बच्चों के रोल मॉडल राहुल गांधी होंगे। इसके बावजूद वे राजनीति के उस दलदल में नहीं उतरना चाहते, जिसमें राहुल गांधी ने अभी तक किसी तरह खुद को बेदाग बचाए रखा है।
लेक्चर सेशन में उन्होंने बच्चों को जिंदगी में सफल होने के लिए लक्ष्य निर्धारण, कड़े परिश्रम, किताबें पढ़कर ज्ञान बढ़ाने और समस्याओं से कभी विचलित न होने का मूल मंत्र दिया। उन्होंने बच्चों को कई संकल्प दिलाए। जैसे-
दैट्स नाट मैटर हू आई एम, आई विल, आई विन आई विन.

हर बच्चे को एक पौधा लगाने की नसीहत दी। कहा, बिलियन ट्ी फार बिलियन पीपल। बाद में उन्होंने खुद भी एक पौधा लगाया।
बच्चों और खास तौर पर उनके अभिभावकों से घर में एक लाइब्रेरी बनाने को कहा। उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि उन्हें अब से ही कम से कम 20 किताबों की एक लाइब्रेरी बनानी चाहिए। उनके बच्चों को इस लाइब्रेरी में किताबों की संख्या 200 करनी चाहिए और उनके ग्रांड फादर बनने तक उस लाइब्रेरी में 200 किताबें होनी चाहिए। मतलब पढ़ने और पढ़ाने पर जोर।
उन्होंने बच्चों से कहा कि वे सेवा भी करें। कलाम ने बच्चों को हरदम कुछ नया करने की नसीहत दी। उन्हें क्रिएटिवीटी और करेज का पाठ पढ़ाया।

फिर उन्होंने पांच बच्चों से क्वेश्चन करने को कहा। लेकिन क्वेश्चन करने वाले बच्चों की लाइन लग गई। बच्चे अपनी जगह से ही खड़े होकर सवाल करने लगे। इस पर सभी क्वेश्चन करने वालों को अपने पास बुलाया और सवाल पूछने को कहा। कलाम से प्रश्न करने के लिए बच्चों ने इंटरनेट खंगाल कर उनके बार में कई दिलचस्प जानकारियां इकट्ठी कर रखी थीं।
एक बच्ची का क्वेश्चन सुन कलाम भी कुछ देर सोचने पर विवश हो गए।
बच्ची ने काका से पूछा कि - सर यू आर ए ग्रेट मैन, ए नेशनल हीरो. योर्स जर्नी फ्राम साइंटिफिक इनवेंशन टू नेशन बिल्डिंग. ए स्टेप फ्राम द वर्ल्ड आफ इनवेंशन टू द डेवलपमेंट आफ द नेशन. एस ए स्टूडेंट एस वेल एस एन एडमायरर आफ द ग्रेट साइंटिफिक नेशनल हीरो, हाउ वुड यू लाइक वी चिल्ड्ेन टू आइडलाइज यू? एस ए न्यूक्लियर सांइटिस्ट, प्रेसीडेंट ऑफ इंडिया आर चिल्ड्ेंस मैन?
खुद को नेशनल हीरो से नवाजे जाने पर वे हंसे और बच्ची को थैंक्यू कहा। फिर कुछ देर सोचने के बाद बड़ी ही सादगी से खुद को एक शिक्षक कहलाना पसंद किया।
इसी प्रकार किसी ने गैलेक्सी के बारे में पूछा तो कोई उनके विजन 2020 के बारे में पूछने लगा। किसी ने न्यूक्लियर पावर के बारे में पूछा तो किसी ने देश में बढ़ते भ्रष्टाचार के बारे में बात की।

कलाम को जितनी उत्सुकता से बच्चे सुन रहे थे उतनी ही तल्लीनता से मेरी तरह अन्य पत्रकार बंधु भी उन्हें सुन रहे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद बच्चों के साथ फोटो सेशन चला। मेरा भी मन कलाम के पास जाकर उनसे मिलने को हुआ, पर भीड़ के चलते यह कसक मन में ही रह गई। अब देखता हूं, कलाम काका को किस शहर में सुनने का मौका मिलता है? फिलहाल उनको पहली बार लाइव सुनकर बहुत रोमांचित हूं। अच्छा लग रहा है। दो और लोगों से मिलने की इच्छा है। पहले अटल बिहारी वाजपेयी और दूसरे इन्फोसिस के संस्थापक नारायणन मूर्ति। देखते हैं कि यह इच्छा कब पूरी होती है?