Thursday, May 26, 2016

ये है सपा के राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट का गणित, क्या मुस्लिम वोटों से उठा मुलायम का भरोसा?

उत्तर प्रदेश में चुनाव भले ही नौ महीने बाद होने हों, लेकिन सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह इसे लेकर अभी से एक्शन मोड में आ गए हैं। बीते कुछ दिनों में मुलायम सिंह के एक के बाद एक लिए गए फैसले बताते हैं कि इस बार यूपी का सियासी समर सपा सुप्रीमो अखिलेश एंड कंपनी के भरोसे नहीं, बल्कि अपने पुराने सिपहसालारों के बूते लड़ेंगे।

खास बात यह है कि इस बार मुलायम ने अपने भरोसेमंद मुस्लिम मतदाताओं से 2014 में मिले झटके से सबक लेते हुए नया वोट बैंक तलाश लिया है। सूबे की नब्ज पकड़ते हुए उन्होंने ऐन मौके पर अखिलेश से पूरी बागडोर लेकर खुद संभाल ली है, जो दर्शाता है कि सियासत के मैदान में फिलहाल उनसे बड़ा कोई खिलाड़ी नहीं है।
 

बेनी प्रसाद की हुई वापसी :  शुरुआत हुई बेनी बाबू से। चुनाव से ऐन पहले समाजवादी पार्टी के संस्थापकों में से एक बेनी प्रसाद वर्मा को मुलायम वापस अपने पाले में ले आए। बेनी बाबू की यह ‘घर वापसी’ कई मायनों में महत्वपूर्ण है। बेनी प्रसाद को पार्टी में वापस लाकर मुलायम सिंह ने दरअसल एक तीर से कई निशाने साधे हैं। पहला, पार्टी के कथित कद्दावर नेताओं का मुगालता दूर करते हुए उन्होंने साफ संदेश दे दिया है कि वे इस बार चुनाव में अपने पुराने खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा करेंगे, इसीलिए मुलायम ने एक झटके में बेनी प्रसाद को सपाई चोला पहना दिया।

दूसरा, बेनी बाबू जिस कुर्मी वर्ग से आते हैं, वो मुलायम सिंह को इस बार बड़ा वोट बैंक दिख रहा है। तीसरा, इसी वर्ग से ताल्लुक रखने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी यूपी चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। अपनी सरहद में वे भी इजाफा करना चाहते हैं। इसके लिए वे कास्ट कार्ड भी खेलेंगे। इसीलिए यूपी में उनकी आमद दिखने लगी है। नीतीश की सेंधमारी के इरादे भांप मुलायम सिंह ने पहले ही उसकी काट बेनी प्रसाद के रूप में निकाल ली। बाराबंकी के बेनी प्रसाद की पकड़ पूरे पूर्वांचल में अच्छी-खासी है, जो नीतीश के लिए बेरीकेड का काम करेगी।
 

अमिर सिंह की बैकडोर एंट्री :   दूसरा नंबर आया अमर सिंह का। मुलायम का अमर प्रेम किसी से छिपा नहीं है। सपा से 6 साल का निर्वासन झेल चुके अमर सिंह की कब घर वापसी हुई, इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई। शायद इन्हें बैक गेट से पार्टी में एंट्री मिली है।

अमर की वापसी से पार्टी में उठ रहे तमाम विरोधी सुरों को दरकिनार करते हुए मुलायम ने अमर सिंह को राज्य सभा का टिकट थमाया है। अमर सिंह की पार्टी में वापसी आजम खान से लेकर रामगोपाल यादव तक को खटक रही है। इनमें चल रहा 36 का आंकड़ा जगजाहिर है। राज्य सभा में अमर सिंह को भेजने का दोनों ने खुलकर विरोध किया, लेकिन मुलायम ने फिर से अपने पुराने साथी अमर सिंह पर भरोसा जताया। पार्टी से बेदखल किए जाने पर मुलायम सिंह को कोसने वाले अमर सिंह शायद अब सोच रहे होंगे कि कुछ तो मजबूरियों होंगी उनकी, यूं ही कोई बेवफा नहीं होता।
 

मुस्लिम उम्मीदवारों से परहेज :   बात सिर्फ अमर सिंह तक नहीं है। मुलायम सिंह ने राज्यसभा के लिए बेनी प्रसाद वर्मा, अमर सिंह, संजय सेठ, सुखराम सिंह यादव, रेवती रमन सिंह, विश्वंभर प्रसाद निषाद और सुरेंद्र मागर का नाम बढ़ाया है। नागर से पहले अरविंद प्रताप सिंह का नाम सपा ने बढ़ाया था। लेकिन बाद में पूर्वांचल के साथ-साथ पश्चिमी यूपी को साधते हुए उन्होंने यहां के गुर्जर नेता सुरेंद्र नागर का नाम फाइनल कर दिया। इन सातों नामों में एक भी मुस्‍लिम नाम नहीं है। यानी मुलायम सिंह ने इस बार मुस्‍लिम वोट बैंक को नजरअंदाज किया।

आजम खान भी इस बात से खफा हैं कि उनकी कौम का एक भी नुमाइंदा नहीं भेजा गया। मुलायम को मुस्‍लिमों का नेता माना जाता रहा है, इसीलिए उन्हें मुल्ला मुलायम तक कहा जाने लगा था। मुलायम का मुस्‍लिमों से यह मोहभंग अचानक नहीं हुआ है। बीते कुछ सालों में सूबे के मुसलमान कई बार सपा सरकार से अपनी नाराजगी जता चुके हैं। दिल्ली के मौलाना इमाम बुखारी हों या फिर लखनऊ के मौलवी, सभी अखिलेश सरकार से नाखुशी जाहिर कर चुके हैं।

मुलायम को अपने सबसे भरोसेमंद वोट बैंक से तगड़ा झटका 2014 में हुए आम चुनाव में मिला। सूबे की 80 सीटों में से सपा को महज 5 पर जीत मिली। ये हाल तब है जब सपा सत्ताधारी दल है। राजनीतिक पंडितों ने भी लोकसभा चुनाव परिणाम के मायने यह निकाले कि अब सपा को मुस्‍लिम वोटरों ने खारिज करना शुरू कर दिया है। 2013 में मुजफ्फरनगर जैसे कांड मुसलमानों के मुलायम सिंह पर भरोसे को और डिगा रहे थे। एक साल बाद मुसलमानों के गढ़ में भी कमल खिलना पूरी कहानी साफ कह रहा था, जो मुलायम सिंह ही पढ़ पा रहे थे।

2014 में मुलायम बमुश्किल अपना कुनबा ही बचा सके। खुद सपा सुप्रीमो आजमगढ़ से, बहू डिंपल यादव कन्नौज से, भतीजे तेजप्रताप यादव मैनपुरी से, धर्मेंद्र यादव बदायूं से और अक्षय यादव फिरोजाबाद से जीते। बाकी 75 सीटें मुलायम सिंह को मुंह चिढ़ाती रहीं। मुसलमानों की दिन-ब-दिन बढ़ती यह नाराजगी अब तल्खी में तब्दील होती जा रही है। संभवत: इसी के मद्देनजर मुलायम ने एक भी मुसलिम कैंडिडेट राज्यसभा के लिए आगे नहीं बढ़ाया। मुस्‍लिम वोट बैंक को छिटकता देख मुलायम अब कुर्मी वोट बैंक में पैठ जमाने की कोशिश कर रहे। बेनी की पार्टी में वापसी इसी का संकेत है।
 

न शिवपाल-रामगोपाल और न आजम, अब सिर्फ मुलायम :   मुलायम ने हाल के दिनों में जो फैसले लिए हैं, उसमें न शिवपाल का दखल है, ना रामगोपाल का और ना ही आजम खान का। साफ है कि सूबे की नब्ज भांपते हुए मुलायम अब खुद निर्णय ले रहे। वे ही तय कर रहे हैं कि सियासी समर में किस सूरमा को कहां से और कैसे लड़ाना है। तमाम विरोधों के बावजूद अमर सिंह की वापसी मुलायम के इसी तेवर को दिखाती है।

वैसे भी कई बार मुलायम सार्वजनिक मंच से बेटे अखिलेश यादव से सरकार के कामकाज को लेकर नाखुशी जता चुके हैं। उन्हें इस बात का इलहाम हो गया है कि सूबे की सयानी जनता सरकार के कामकाज से खुश नहीं है। पांच साल होने को आए। सारे विकास कार्य और उत्तम प्रदेश अखबारों और टीवी पर सिमटा दिखता है। जमीनी हालात अलग कहानी बयां कर रहे।

भ्रष्टाचार, गरीबी, बेरोजगारी जैसी समस्याएं पहले की तरह ही हैं, या यों कहें कि बढ़ ही गई है। क्राइम रेट पहले से कहीं ज्यादा हो गया है। गली-मोहल्लों में कार्यकर्ताओं की शक्ल में गुंडों की फौज खड़ी हो गई है। कई बार मुलायम ने साफ-साफ शब्दों में कहा कि सपा नेता अब जनता के काम की जगह जमीन का काम कर रहे। अखिलेश ने भी सार्वजनिक रूप से कहा कि पार्टी कार्यकर्ता थाने की राजनीति ज्यादा करते हैं, लेकिन शीर्ष नेतृत्व की इस घुड़की का नीचे के कैडर पर कोई असर नहीं दिखा। लगाम लगाने की तमाम कोशिशें जब नाकामयाब हो गईं तो आखिरकार सपा सुप्रीमो ने पूरी कमान खुद संभाल ली है।

संजय सेठ बनेंगे पार्टी के कुबेर? :  अब बात करते हैं लखनऊ के बड़े बिल्डर संजय सेठ की। संजय सेठ का राजनीति से कोई सीधा सरोकार नहीं है। सवाल है कि फिर कैसे वे सपा के कोटे से राज्यसभा पहुंच गए?  दरअसल, विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी को कुछ ‘धनकुबेरों’ की जरूरत है। संजय को राज्यसभा भेजना इसी का इंतजाम माना जा रहा है।

संजय सेठ को राज्यसभा भेजने में यूपी के राज्यपाल राम नाईक का भी अहम रोल है। सपा ने इससे पहले कई बार संजय का नाम विधान परिषद के लिए भेजा, लेकिन हर बार राज्यपाल ने उनके नाम की फाइल को लौटा दिया। संजय सेठ के लिए राज्यपाल का यह तिरस्कार प्रसाद के रूप में फलीभूत हुआ।

बहरहाल, कुछ दिनों की बात और है। मुलायम सिंह ने तो अपने पुराने खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए उन्हीं पर दांव खेलने की तैयारी कर ली है। अब 2017 में जनता की अदालत तय करेगी कि पहलवान मुलायम का यह दांव उल्टा पड़ा या सीधा...।


(इस आर्टिकल को आईबीएन खबर पर भी पढ़ा जा सकता है। ये है लिंक... http://khabar.ibnlive.com/blogs/rahul-vishwakarma/up-election-2016-483196.html) 

  



Tuesday, December 8, 2015

दुनिया को ग्‍लोबल वॉर्मिंग से निपटने के लिए अपनाने होंगे भूटान के ये तरीके..!

हम मानव अपने साथ हुए बुरे सलूक का बदला ले पाएं या नहीं, प्रकृति अपना बदला ले ही लेती है। नदियों-पहाड़ों को काटकर कॉन्‍क्रिट के जंगल बसाएंगे तो हश्र वही होगा जो बीते 3 सालों में हमने उत्तराखंड, कश्मीर में देखा और अब चेन्नई में देख रहे हैं। कश्मीर और उत्तराखंड में पर्यटन की संभावनाओं का खतरनाक स्तर तक दोहन ऐसी आपदाओं को निमंत्रण देने में सहायक रहा है। बीते बरसों में चेन्नई भी बहुत तेजी से तरक्की की राह पर बढ़ा, लेकिन तरक्की का यह रास्ता जिन पेड़ों-नदियों को काटकर बनाया गया, यह बाढ़ उसी की परिणति है।




हाल ही में पेरिस में हुए जलवायु सम्मेलन में दुनियाभर के राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री एकजुट होकर पर्यावरण के प्रति चिंतित दिखाई दिए। पर हकीकत ये है कि इस पर्यावरण को दूषित करने में इन्हीं देशों की भागीदारी सर्वाधिक है। उस सम्मेलन में हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी पूरे विश्व को दो खतरों से आगाह किया था, जो हर दिन तेजी से बढ़ रहा है। पहला आतंकवाद और दूसरा ग्लोबल वार्मिंग। बदकिस्मती से उनके चेताने के चंद घंटों बाद ही उसी फ्रांस की धरती पर आतंकवादी हमला हुआ। और दूसरे खतरे से हम पिछले 6 दिन से चेन्नई में जूझ रहे हैं।

भूटान से सीखना होगा दुनिया को ये सबक : दुनिया भर में अंधाधुंध औद्योगीकरण के कारण जो कार्बन उत्सर्जित हो रहा है, वह ग्लोबल वॉर्मिंग का बड़ा कारण रहा है। इन बड़े देशों को अपने से हर मायने में छोटे देश भूटान से सीखना चाहिए। हिन्दुस्तान का यह छोटा सा पड़ोसी मुल्क जितना भी कार्बन उत्सर्जित करता है, उसके जंगल उससे 3 गुना ज्यादा तक कार्बन डाईआक्साइड खुद में समाहित कर लेते हैं। कार्बन उत्सर्जन का अध्ययन कर रही ब्रिटेन की संस्था इकोनॉमिक एंड क्लाइमेट इंटेलिजेंस यूनिट (ECIU) की रिपोर्ट भूटान की इसी खूबी को बताती है। इसी कारण भूटान को कार्बन निगेटिव देश भी कहते हैं। तकनीक के मामले में यह देश चाहे जितना पिछड़ा हो, पर यहां जंगलों में दिनबदिन विस्तार ही हो रहा है।

वहीं इसके उलट अपने देश में रोजाना जंगलों की सीमा संकुचित होती जा रही है। हाल ही में भूटान ने एक घंटे में 50000 पौधों को रोपित कर विश्व रिकॉर्ड भी बनाया, जिसकी पूरे विश्व में प्रशंसा हुई थी। देश में मौसम अब इतना चौंकाता है कि मौसम चक्र बीती बातें सी लगती हैं। मई-जून में ही बारिश होने लगती है, तो दिसंबर में भी ठंड असरकारी नहीं दिखती। अक्टूबर-नवंबर तक घरों में अब एयरकंडिशनर चलाए जाते हैं।

बदलता मौसम कितना खतरनाक है, यह वर्तमान में इसी से समझा जा सकता है कि उत्तरी कर्नाटक सूखा है तो दक्षिणी कर्नाटक में भीषण बारिश हो रही। वहीं चेन्नई के हालात तो जगजाहिर हैं। 1950 के बाद से लगातार मॉनसूनी बारिश की दर में कमी आ रही है। अब किसी खास इलाके में समय विशेष के अंतराल में इतनी बारिश हो रही कि तबाही ही हो रही।





और बढ़ा दुनिया पर खतरा :  मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वैश्विक तापमान में यदि 2 डिग्री और इजाफा होता है तो मौसम चक्र और भी बेइमान हो जाएगा। यानी मॉनसून का कोई समय नहीं होगा। वैश्विक तापमान जितना बढ़ेगा, खतरा उससे कई गुना अधिक होता जाएगा। देश में मौसम विभाग की चेतावनी कितनी सटीक होती है,इसकी जानकारी सभी को है। उनके भरोसे रहकर इस संकट से नहीं निपटा जा सकता। अफसोस है कि प्राकृतिक आपदाओं की समय रहते चेतावनी हमें अभी भी नहीं मिलती।

उत्‍तराखंड त्रासदी थी भयावह : ढाई बरस पीछे का रुख करते हैं। उत्तराखंड की विभीषिका अभी भी जेहन में ताजा है। हिमालय के ग्लेशियरों का पिघलना पिछले कई दशक से जारी था। हमने ध्यान नहीं दिया। पिघलते ग्लेशियरों से ऊपरी इलाकों में कई जल कुंड बन गए। जब ग्लेशियर के पानी से जल कुंड भी लबालब हो गए तो ये फट पड़े। और परिणति में प्रकृति की ओर से दिया गया वो दर्द मिला जो कभी नहीं भुलाया जा सकता। हजारों लाशें पानी में बह गईं।

धरती अंदर से तप रही तो बाहर पहाड़ दरक रहे। ग्लेशियर गल रहे। इस समय अधिकांश हिमालयी ग्लेशियर क्षेत्रों में नमी को बरकरार रखने वाला मानसून लगातार कमजोर होता जा रहा है। इससे ग्लेशियरों को तेजी से पिघलना जारी है। लगातार ग्लेशियरों के गर्म होने और पिघलने के कारण उत्तरी भारत की अधिकांश नदियों के अस्तित्व पर भी संकट मंडरा रहा है। इनमें सिंधु और ब्रह्मपुत्र नदी सबसे ज्यादा डेंजर जोन के करीब हैं।



भारत पर है नदियों का खतरा : नदियों का क्रोध हम हिंदुस्तानी हर साल देखते ही हैं। बिहार में हर साल नदियां अपना रौद्र रूप दिखाती हैं। कोसी और घाघरा जैसी नदियां तो मैदानी इलाकों की हैं, तो बचने का मौका मिल भी जाता है। पहाड़ी नदियों का वेग तो बचाव का भी मौका नहीं देती। इसकी बानगी हमने पिछले साल ही कश्मीर में देखी, जब झेलम ने आधे से ज्यादा कश्मीर में तबाही मचाई थी। बर्फ से लकदक रहने वाली सड़कें पानी में गुम हो गईं थीं। ग्लेशियर पिघलेंगे तो जाहिर है समुद्र का जलस्तर बढ़ेगा। यह और भी बड़ा खतरा है।

भविष्य में समुद्र तटों पर बसे शहरों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसकी सर्वाधिक मार उन्हीं पर पड़ेगी। मुंबई और चेन्नई जैसे शहर सबसे पहले इसकी जद में आएंगे। कहते हैं दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है। पर इतनी विनाशलीला देखने के बाद भी भारत ही नहीं, विश्व के सभी देश अभी भी पुराने ढर्रे पर ही चल रहे हैं।

ग्लोबल वार्मिंग के खतरे से वाकिफ होने के बाद भी प्रकृति पर चोट करने वाले काम कर रहे हैं। और फिर साल में दो-तीन बार किसी एक देश में पर्यावरण बचाने को सम्मेलन में सिर्फ चिंता जताते हैं। हमें यह याद रखना चाहिए कि यह धरती जितनी उदार है, उतनी ही कठोर भी। इसके हित का ध्यान रखते हुए काम करेंगे तो यह भी हमारा ख्याल रखेगी, नहीं तो नतीजा सबके सामने ही है।

Monday, December 7, 2015

अटल जी, अच्छा ही है कि आप ‘मौन’ हैं...

मुद्दा ये नहीं कि भाजपा की बिहार में बुरी गति हुई है। मुद्दा ये भी नहीं कि इस हार का ठीकरा किसी एक के सिर नहीं फोड़ा गया। मुद्दा ये है कि पार्टी में हाशिए पर पड़े वयोवृद्ध नेता अरसे बाद जब साहस जुटाकर कुछ कहते हैं तो उन्हें ही पार्टी की परंपरा का ‘ज्ञान’ दिया जाता है। कभी पार्टी के नीति-नियंता रहे नेताओं को बताया जाता है कि पार्टी में क्या रवायत रही है या यों कहें कि उन्हें ‘आईना’ दिखाया जाता है। ये वही नेता हैं जिन्होंने इस पार्टी को अपना पूरा जीवन देकर इसे सिंचित किया, अपनी बौद्धिक कुशलता, सामाजिक सक्रियता से इसे पुष्पित-पल्लवित किया।


यह देखकर सोचता हूं कि अच्छा हुआ जो अटल जी ‘मौन’ ही हो गए हैं। वरना पार्टी के भीष्म पितामह लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी की तरह वे भी थोड़े बहुत सक्रिय रहते तो उन्हें भी दो टूक पार्टी की परंपरा बता दी जाती। भारतीय जनता पार्टी के स्तंभ रहे नेताओं के साथ ऐसा बर्ताव देखकर लगता है कि महत्वाकांक्षा मनुष्य को कितना पतित कर सकती है। कभी ये नारा बहुत उछला था- भारत मां की तीन धरोहर, अटल आडवाणी और मुरली मनोहर। इन धरोहरों की पार्टी को आज फिक्र क्यों नहीं है। आज ये ‘लाइट हाउस’ पार्टी में क्यों अप्रासंगिक हो गए हैं। अटल जी तो सालों पहले ही राजनीति से संन्यास ले चुके हैं। आडवाणी और जोशी को विवश किया जा रहा कि वे भी चुप ही हो जाएं, अन्यथा उन्हें भी रास्ता दिखा दिया जाएगा। हालांकि राजनीतिक वनवास पर तो ये सभी नेता हैं ही। 



हालांकि ये अच्छा है कि पार्टी की कमान नए नेताओं को दी जाए। उन्हें वरीयता दी जाए। बड़े अवसर दिए जाएं, पर इसका ये तो मतलब कतई नहीं होना चाहिए कि पुराने नेताओं की सरेआम तौहीन की जाए। बेशक आपने उन्हें पार्टी का मार्गदर्शक बना दिया है। पर यही मार्गदर्शक मंडल जब महसूस करे कि पार्टी गलत राह पर जा रही है, तब कोई राह दिखाए तो उल्टा उन्हें ही रवायत की हिदायत दी जाए। ये तो कहीं से भी मुनासिब नहीं। आडवाणी को 2013 में गोवा की कार्यकारिणी में जलील किया गया।


2014 में जोशी को इलाहाबाद-लखनऊ चाहते हुए भी कानपुर का टिकट थमा दिया गया। यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी को तो पार्टी अब अपना मानने से भी कतराती नजर आती है। शत्रुघ्न सिन्हा का बिहार में क्या हाल रहा, ये तो हम सभी देख ही रहे हैं। गलत को गलत कहने पर उन्हें भी ‘सूली’ पर चढ़ाने की तैयारी कर ली गई है। गृह राज्य होने के बाद भी यशवंत और शत्रुघ्न को बिहार चुनाव में कोई जिम्मेदारी तो दूर, राय तक नहीं ली गई। यह एक संकेत है। 


पार्टी में आडवाणी जोशी की क्या हालत हो गई है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अपनी बात कहने के लिए इन्हें साझा बयान देना पड़ रहा है। यानि इन्हें पता है कि अकेले कहने पर किसी के कान में जूं तक नहीं रेंगेगी। अपनी बात कहने के लिए आडवाणी, जोशी, शौरी और यशवंत को एक साथ ‘चिल्लाना’ पड़ता है ताकि उनकी बात भी सुनी जाए। उन्हें साफ-साफ कहना पड़ता है कि हार की जिम्मेदारी तय हो। हारने वाले खुद हार की समीक्षा नहीं कर सकते। क्या गलत कहा। पर अफसोस यह भी बेकार हो गया। उनकी बात को खारिज करते हुए पार्टी की परंपरा सिखाई गई। कहा गया कि पार्टी में हार-जीत की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। हार-जीत तो वाकई होती रहती है, पर बुजुर्गियत का हवाला देकर उनके संदेश को ही अनसुना कर देना जायज नहीं है। 


दरअसल जो पार्टी वंशवाद को तोड़ते हुए अपने अनुशासन और एक-दूसरे के मान-सम्मान के लिए जानी जाती हो, सबको कहने और सबको सुनने के लिए जानी जाती हो, वहां पार्टी स्तंभों की ऐसी नजरंदाजी को नजरंदाज नहीं किया जा सकता। ठीक है कि पुराने का स्थान नया लेता है। पर जिन्हें आपने कभी धरोहर कहा, उसके साथ ही इतनी बेरुखी ठीक नहीं। नए को मौका दीजिए, भरपूर दीजिए। पर पुराने खासतौर पर आडवाणी, जोशी के साथ तो ऐसा सुलूक मत करिए।

(12 नवंबर को लिखी पोस्ट)

Wednesday, July 29, 2015

स्वीकारोक्ति


वैसे जानता तो मैं उसे काफी पहले से था, लेकिन शुरू में वो मुझे बिलकुल भी अच्छी नहीं लगती थी। बचपन में हम एक-दूसरे को कनखियों से ही देखते थे। पर बीते 10 सालों के दौरान उससे एक अटूट सा रिश्ता बन गया। हमारी पहली मुलाकात साल 2006 में हुई। हालांकि वो मुलाकात एक मजबूरी में ही हुई थी।

घर से 1300 किलोमीटर दूर जम्मू जाने पर बहुत बुरा लगा। अचानक जैसे सब कुछ छूट गया, पर उसकी मौजूदगी ने कुछ हिम्मत बढ़ाई थी। जम्मू में ही मैंने उसे और करीब से जाना। जीवन के अकेलेपन को काफी हद तक उसने भरा। उसकी खासियत और हर बुरे वक्त में साथ निभाने की अदा का मैं भी कायल हो गया। शुरू में जितना उससे चिढ़ता था, अब उस पर उतना ही फिदा हो गया। धीरे-धीरे कई शहर बदल दिए। जम्मू, औरंगाबाद, मुंबई, पानीपत, गोरखपुर और अब आगरा। शहर बदले, दोस्त बदले पर वो न बदली।

बीच में कुछ दिनों के लिए मैंने उसका साथ छोड़ दिया, पर उसकी मोहब्बत कम न हुई। दोबारा वो याद आई तो फिर उसी शिद्दत से मिली। हमेशा की तरह मेरे लिए फिक्रमंद। फिर वही सुकून मिला जो पहली, दूसरी या तीसरी मुलाकात में मिला करता था। कई बार बुरे वक्त में उसने जिस तरीके से मेरा साथ दिया, उसने दिल जीत लिया। काम के तनाव और थकान से हारा हुआ सा लगता था, पर उसके सामने आते ही नई ऊर्जा आ जाती थी। दो मिनट की मुलाकात ही तरोताजा कर देती थी। समय बीतने के साथ हम दोनों की नजदीकियों की खबर दोस्तों के बाद घरवालों को भी हो गई। दोस्तों ने नसीहत दी कि भाई उससे दोस्ती ठीक नहीं। कभी-कभी की मुलाकात तो ठीक, पर लंबे समय का साथ अच्छा नहीं है। लेकिन वे टोकते-टोकते थककर चुप हो गए। ना-नुकुर करते हुए वे भी मान गए। ताज्जुब कि घरवालों ने इस रिश्ते पर ऐतराज नहीं जताया। शायद उन्हें मेरी मजबूरी पता थी। उन लोगों को भी वह बहुत पसंद थी। उसके गुणों से वाकिफ घरवाले भी गाहे-बगाहे उसके बारे में पूछ लेते थे। अब मुझे भी लगता था कि उसके बिना तो गुजारा नामुमकिन हो गया है।

लेकिन, इधर कुछ दिनों से लोगों ने उस पर एक तोहमत लगा दी है। लोगों का कहना है कि उसने मुझे बिगाड़ दिया है। उससे मुझे खतरा है। ऐसे लांछन से उसका वजूद ही संकट में आ गया है। मैं भी उसका बचाव नहीं कर पा रहा। जमाने के दबाव के आगे मुझे भी झुकना पड़ रहा। मुझे भी उससे दूर होना पड़ रहा। उसका साथ छोड़ना पड़ रहा। पिछले 10 सालों से जिस तरह उसने मेरा साथ निभाया, वह हमेशा याद रहेगा।
तुम बहुत याद आओगी मेरी प्यारी मैगी।
— feeling sad.
--------------------------------------------------------------------------------------------------------
नोट : अपनी प्रेम कहानी मैंने उस वक्त लिखी थी, जब मैगी के ‘चरित्र' पर शक किया जा रहा है। पिछले दो महीने से मैगी की ‘अग्निपरीक्षा' लैब में ली जा रही है। मैगी के बाइज्जत बरी होने का मुझे बेसब्री से इंतजार है।

Friday, July 24, 2015



यूं इतनी खामोशी से तुम्हारा चले जाना... (2)


अभी सितंबर की ही तो बात है। उसकी मम्मा ने स्केटिंग क्लास में उसका एडमिशन कराया। नई स्केट किट खरीदी गई। मम्मा-डैडी ने जितने शौक से बच्चे के लिए किट खरीदी थी, बच्चा उससे भी ज्यादा शौक से उसे पहन स्केट करना सीख रहा था। महज एक सप्ताह ही हुए थे स्केटिंग क्लास जाते हुए। स्केट किट पहन स्कूल में क्लासमेट्स के साथ की उसकी फोटो ही हमारे पास उसकी अंतिम फोटो है। उसमें पूरी किट पहन वह स्केट करता दिख रहा है। हर चीज सीखने की उसकी चाहत से लगता था कि जानें कितनी जल्दी थी उसे सारी चीजें सीखने की। इतनी कम उम्र में वह डांस क्लास, स्वीमिंग क्लास और अब स्केटिंग क्लास ज्वाइन कर ली थी। स्कूल टाइम तो था ही। मम्मा दौड़ती-भागती रहती थी अपने बेटे को लेकर। पहले स्कूल, फिर डांस क्लास तो कभी स्वीमिंग क्लास और अभी नई क्लास शुरू हुई थी स्केटिंग की।

मुंबई में वह जितना स्मार्ट, समझदार और वेल मैनर्ड बच्चा था, अपनी नानी के घर कानपुर आकर उतना ही शैतान। बदमाशी सीखने में नानी के घर के सात दिन ही काफी होते थे। हर रोज एक नई शैतानी। मम्मा-डैडी भी हैरान कि सिर्फ एक दिन में ये कैसे मुंबई से कानपुर आकर बदल जाता है। शैतानी और देखनी हो तो सामने से मम्मा-डैडी को हटा दीजिए, फिर देखिए पैसे वसूल ‘अमोघ शो’। इतनी शैतानियों के बीच कुछ शैतानी काउल मामा और चीतेश भाई भी सिखा देते थे। जैसे ए बी सी डी में डी फॉर डंकी के जगह डी फॉर ढेंचू सिखाया गया। ऐसे तो सबके सामने डी फॉर ढेंचू ही बोलता पर जहां मम्मा-डैडी सामने आते तो ढेंचू से डंकी हो जाता। यानी मम्मा-डैडी का टेरर पूरा था।

बड़े होने के साथ-साथ उसकी क्यूटनेस और बढ़ती जा रही थी। यही वजह है कि बाहर कोई भी उसे एक बार देखता तो स्माइल के साथ हाय-बाय करता। डैडी-मम्मा के साथ एक बार ग्रोवल मॉल गया था। एक शॉपकीपर ने उसे देखा तो स्माइल कर हाय करने लगा। मम्मा का हाथ पकड़े अमोघ ने भी क्यूट सी स्माइल दी और मम्मा से सवाल किया, मम्मा मैं स्मार्ट लग रहा हूं ना। वो अंकल मुझे देखकर स्माइल कर रहे हैं। हां बेटा आप बहुत नाइस लग रहे हो। मम्मा का इतना कहना था कि उसने अपने बालों पर हाथ फेर दिया।

कोई चीज उसे पसंद आ जाए तो उसे मांगने का तरीखा भी बिलकुल जुदा था। डायरेक्ट मांगने की बजाए वो मम्मा से कहता कि मम्मा ये अच्छी नहीं है ना...। इतना कह उस चीज को ललचाती नजरों से देखता। यानी चाहिए पर कहना नहीं है। ऐसे ही एक बार मॉल में ट्वॉयज की शॉप के सामने से गुजरना हुआ। वहां रखी एक कार जनाब को पसंद आ गई। आदतन कहा तो कुछ नहीं, पर पलटकर लगातार उसे देखते जा रहा था। मम्मा और डैडी समझ गए। वापस पहुंचे शॉप पर। पूछा, अमोघ कुछ चाहिए? जवाब में जनाब ने ना में सिर हिलाया और कार देखने लगे। यानि कार ही चाहिए, बस और कुछ नहीं। सो कार दिलाई गई।  उसने कभी किसी को इरिटेट नहीं किया। बेवजह की फरमाइशें तो जैसे उसे आती ही नहीं थीं। मम्मा-डैडी ने जितना किया, उतना ही उसके लिए काफी होता था। अमोघ मम्मा-डैडी में खुश और मम्मा-डैडी अमोघ में खुश।

अमोघ की समझदारी का भी एक किस्सा पढ़िए। पानी से उसे बेहद प्यार तो था ही, इसलिए दिन में कई बार हैंडवॉश भी करता था। एक बार स्टूल पर चढ़कर वॉश बेसिन में हाथ साफ कर रहा था। हाथ साफ करने के बाद लाइट ऑफ करने के लिए बगल में ही लगे स्विच का बटन गीले हाथ से दबाया। दबाते ही झटका लगा। कुछ देर बाद डैडी भी हैंड वॉश करने पहुंचे। उन्होंने लाइट ऑफ करने के लिए कर्टेन के सहारे से बटन दबाया। अमोघ ने ये देख लिया। उसके बाद से मजाल है कि वहां कभी उसने गीले हाथ से बटन दबाया हो। पापा को कॉपी करके कर्टेन के ही सहारे अब लाइट ऑफ करता था। ऐसी न जानें कितने ही वाकये हैं जो पलकें भिगो देते हैं।

उसे गए हुए करीब 10 महीने हो रहे हैं। जाने के बाद ऐसा लग रहा था कि हम सब लाइफ में इतनी प्लानिंग करते हैं। बुढ़ापे तक की प्लानिंग कर लेते हैं। तमाम टारगेट फिक्स कर लेते हैं। ऐसा हुआ तो ये करेंगे, वैसा हुआ तो वो करेंगे, इस तरह जानें कितनी ख्वाहिशों, उम्मीदों और जिम्मेदारियों को अपने ऊपर ओढ़ लेते हैं। लेकिन ऊपर वाले की क्या प्लानिंग है, इससे पूरी तरह अंजान होते हैं। जिसकी कल्पना भी नहीं कर सकते, वैसा सोचने, सहने और समझते हुए आगे बढ़ने को मजबूर हो जाते हैं।

अमोघ के जाने पर भी ऐसा ही हुआ। उसके मम्मा-डैडी ने उसके लिए जानें कितनी प्लानिंग कर रखी थीं। इसीलिए इतनी कम उम्र में ही उसे डांसिंग, स्वीमिंग और स्केटिंग क्लास ज्वाइन कराई। मीरा रोड के सबसे अच्छे स्कूल में एडमिशन कराया। उसके लिए हर उस चीज का इंतजाम किया, जिससे उसका ब्रेन और डेवलप हो सके। इन्हीं कोशिशों का असर था कि वो जैसे-जैसे बड़ा हो रहा था, उसके सवाल भी उतने लॉजिकल होते जा रहे थे।  हालांकि अमोघ को लेकर मम्मा-डैडी की उम्मीदों का आसमान जितना ऊंचा था, उसका अहसास उन्होंने कभी बच्चे को होने नहीं दिया। अमोघ जब जो चाहे वो करे, शर्त सिर्फ एक थी कि वो बैड मैनर्स में शुमार नहीं होनी चाहिए। मम्मा-डैडी अमोघ को डॉक्टर-इंजीनियर बनाने से पहले एक अच्छा इंसान बनाना चाहते थे। इसी वजह से परवरिश भी वैसी ही की जा रही थी। लेकिन, सारी कोशिशें, सारी उम्मीदें ऊपरवाले की प्लानिंग के आगे 10 सितंबर 2014 को दम तोड़ गईं।

वो मनहूस रात ताउम्र याद रहेगी...।

Wednesday, November 19, 2014

यूं इतनी खामोशी से तुम्हारा चले जाना...


जीना कोई उससे सीखे। पांच साल में हर पल नई उमंग, उत्साह और उल्लास से भरा हुआ। उसकी आदतों ने बहुत कम उम्र में उसे सबका चहेता बना दिया था। मुंबई के मीरा रोड स्थित मीरा दर्शन सोसायटी में रहने वाला हर शख्स उसके मोहजाल में फंसा था। पांचवे फ्लोर पर बने घर में जाते-आते समय जो मिलता, उससे हाय-बाय जरूर करता। रिप्लाई मिले या नहीं, उसे तो बस उसी मासूमियत से अंकल बाय-आंटी हाय कहना था। किसे पता था कि ये छलिया है। सबको छलेगा।

 बच्चों में भी उसकी स्वीटनेस, क्यूटनेस उसे सबसे अलग करती थी। स्कूल से लेकर डांस क्लास तक, स्केटिंग से लेकर स्वीमिंग क्लास तक... सबके सब उसके फैन थे। सभी उसे नाम से ही पुकारते थे। अमोघ...। उसकी पॉपुलेरिटी का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि स्केटिंग क्लास में जाते उसे सिर्फ दो दिन हुए थे। सारे बच्चों को उसके ट्रेनर ग्रीन टीशर्ट, यलो टीशर्ट, रेड टीशर्ट से बुलाते और अमोघ को उसके नाम से। ये जादू यूं ही नहीं चला था। वो था ही इतना डैशिंग और स्मार्ट। यही हाल उसके स्कूल और सोसायटी में भी था। सब जैसे उसी का इंतजार करते कि कब अमोघ आए और हम उसके साथ खेलें, बात करें। वो काफी टॉकेटिव भी था।

उसकी मासूमियत, उसकी शरारतें, उसकी अदाएं और इन सब पर भारी उसका स्टाइल। फैशन किस चिड़िया का नाम है, उसने बहुत जल्दी सीख लिया था। घूमने जाना हो या फिर स्कूल, खुद तैयार होने की कोशिश करता। होने भी लगा था। मोजे छोड़ सारे कपड़े खुद पहनता था। थोड़ी मशक्कत कर अब तो वह मोजे भी खुद ही पहनने लगा था। उसे खुद ड्रेसअप होने में ही मजा आता था। पैंट-शर्ट, जूते-मोजे पहनना। टाइटन की एक यलो वॉच उसकी फेवरेट थी। काफी कोशिश कर उसे भी खुद पहनता था। मम्मा तैयार करती तो टोकता, मैं तैयार हो रहा हूं ना। आप रहने दो।

वेल ड्रेसअप होने के बाद बालों में डैडी वाली हेयर क्रीम लगाता। फिर स्पाइकी हेयर स्टाइल कर कमर पर हाथ रख पूरे घर में उसका इठलाना देखते ही बनता था। बालों से उसे बेइंतहां प्यार था। मजाल है कि कोई उसके बाल छू ले। उसका हेयर स्टाइल बिगाड़ दे। कटिंग भी कराने जाता तो कटिंग वाले अंकल से हेयर स्टाइल बताते हुए कहता कि अंकल ऐसे नहीं ऐसे...। अंकल भी उसकी हरकतों पर मुस्कुराते हुए कटिंग करते। नानी के घर आने पर सबको हेयर स्टाइल दिखाता था।

साफ बोलना उसे काफी देर से आया। कभी-कभी तो मां भी परेशान हो जाती कि इस उम्र में तो बच्चे जबान तोड़ बातें करते हैं और मेरा लाल है कि कुछ साफ ही नहीं बोलता। पर उसे इस बात की तसल्ली थी कि मेरा बच्चा जो बोलता था वह मीठी मिश्री सी कानों में घुलती थी। सुनने वाला हर शख्स उसकी बातों पर फ्लैट हुए बिना रह ही नहीं सकता था। मां कहती भी थी कि बेटा धीरे बोल पर मीठा बोल। हालांकि अब उसने साफ बोलना शुरू ही किया था। अभी तक वह तोतली भाषा में ही अपनी बात कहता था। मसलन, काउल मामा, लाजू मामा, चीतेश भाई और फेवरेट चीटी आंटी।

रोना और पिनकना तो जैसे उसे आता ही नहीं। हर हालात और हर समय खुश रहना। हां, नाराजगी जताने का उसका अंदाज भी अलग था। दोनों हाथ पीछे बांध सिर नीचे कर चलना। किसी से न कुछ कहना न देखना। अगर थोड़ी देर में कोई उसे नोटिस न करे तो कनखियों से देखना कि कोई मुझे देख रहा या नहीं। कोई देख ले तो फिर पुरानी स्टाइल में आ जाना। नजरें जमीन पर और चेहरे पर नटखट नौटंकी के भाव।

अभी सब कुछ अच्छा ही तो चल रहा था। राहुल मामा को व्हाट्स एप पर हर्ट शेप मैसेज भेजकर खुश होता। फिर फोन भी करता। कहता कि मामा मैंने आपको हर्ट शेप भेजा। मामा रिप्लाई करते तो दौड़कर मम्मा को फोन दिखाता और खिलखिलाकर कहता कि देखो मम्मा... मामा ने भी मुझे व्हाट्स एप पर हर्ट शेप भेजा। डैडी को भी मैसेज भेजता। फोन करने पर डैडी अगर बात न करें तो मामा को फोन कर डैडी की शिकायत कि राहुल मामा... डैडी अमोघ का फोन नहीं उठा रहे हैं। आप उनसे बात करिए और कहिए कि अमोघ को फोन करें। अमोघ को उनसे बात करनी है।

कॉपी पेंसिल थामते ही उसने ड्राइंग करनी शुरू कर दी थी। स्कूल में ड्राइंग में मिला होमवर्क हो या घर पर यूं ही कुछ ड्राइंग करना हो। पूरे पेज पर सबसे पहले वो तीन सर्किल बनाता था। दो बड़े और बीच में एक छोटा सर्किल। तीनों में आंख, नाक कान, बाल बनाता और फिर मम्मा को दिखाता। मम्मा... ये डैडी, ये आप और बीच में अमोघ। मम्मा... हम तीनों फैमिली हैं ना...। अमूमन मां-बाप ही बच्चे को सिखाते कि बेटा हम तीनों फैमिली है, लेकिन वो बच्चा उल्टा मम्मा-डैडी को सिखाता कि हम तीनों फैमिली हैं ना...।

पूरी ड्राइंग की कॉपी और दो मोटी डायरी उसकी ऐसी ही तीन फैमिली सर्किल से भरी पड़ी है। स्कूल में ड्राइंग के लिए चाहे जो भी उसे टॉपिक मिले। सारे टॉपिक, टीचर के सारे ऑर्डर एक तरफ। वो सबसे पहले तीन फैमिली सर्किल ही बनाता था। घर आकर मम्मा को कॉपी दिखाता कि मम्मा... आज मैंने स्कूल में हम तीनों की फोटो बनाई। अपनी छोटी सी अंगुली रख बताता कि ये डैडी, ये मम्मा और बीच में ये अमोघ। और हम तीनों फैमिली हैं ना... ये लाइन जरूर बोलता।

उस बच्चे को जल्दी बड़ा होना था। हर चीज बड़ी तेजी से सीख लेता था। कपड़े पहनना क्या सीखा उसने, मम्मा के हाथों तैयार ही नहीं होता। मम्मा कपड़े पहनाने की कोशिश भी करती तो मना कर देता। कहता कि मम्मा... अब मैं बड़ा हो गया हूं ना। मैं पहन लूंगा। छोटा कहते ही वो चिढ़ सा जाता था। किसी ने अगर ये कह दिया कि अमोघ लोअर केजी में पढ़ता है। तो उसे डांटने के अंदाज में कहता कि ... नहीं, अमोघ सीनियर केजी में पढ़ता है। उसे छेड़ना हो तो बस उससे लोअर केजी की बात कह दीजिए। नाक-भौं सिकोड़ लेता। कितना क्यूट लगता था। उतना ही सुंदर जितना उसका स्माइली फेस, शायद उससे भी सुंदर। बडे़ होने की इतनी जल्दी कि एक बार पापा को शेव करते देख खुद भी शेविंग फोम गालों पर लगा लिया। मम्मा से कहता कि मुझे भी शेव करनी है। अब उसकी इस बात पर क्या किया जाए, सिवाए उसकी मासूमियत पर हंसने के।

अपनी जान उसे बेहद प्यारी थी। वो हर काम करता था, सिवाए उसके जिससे उसे चोट लग सकती थी। खुद की सेफ्टी का वो शुरू से ही ध्यान रखता था। शायद इसी कारण पांच साल का होने पर भी उसके शरीर पर एक चोट का निशान न था। चोट तो खैर छोड़िए, एक खरोंच भी नहीं लगी थी। खुद तो एलर्ट रहता ही था, उससे ज्यादा उसकी मां। साये की तरह उससे चिपकी रहती थी। साइकिल चलाने पार्क में जाता तो भी उसके पीछे-पीछे दौड़ती। सोसायटी की उसकी फ्रेंड भी कहतीं कि श्वेता उसे छोड़ दो अकेले। वो अब बड़ा हो गया है। लेकिन मां कहां मानने वाली, दौड़ती रहती अपने लाल के पीछे कि कहीं गिर ना जाए। गिरे भी तो मैं तुरंत पकड़ लूंगी।

जब चलना भी न सीखा था, तभी से वो खुद की हिफाजत करता था। बेड पर से कभी वो जमीन पर नहीं गिरा। और बच्चों के लिए बेड पर ही तकिया या फिर बेडशीट से बेरीकेडिंग कर दी जाती है। लेकिन उसके लिए आज तक ऐसा नहीं किया गया। सोते हुए या फिर खेलते हुए बेड के किनारे आ भी जाए तो हाथ से आइडिया लेता कि कितना किनारे आ गया। डेंजर जोन में आते ही वापस हो लेता। ये हरकत सभी को हंसाती। चलना भी उसने काफी जल्दी सीखा। क्रॉल शुरू करने के कुछ ही समय बाद वह चलने लगा था। वॉकर से भी चलता कम स्किट ज्यादा करता। सीढ़ी चढ़ना-उतरना हो या दरवाजा बंद करना हो, मजाल है कि उसे चोट लग जाए या गिर जाए। खुद की सेफ्टी उसे बहुत अच्छी तरह से आती थी।

खिलौनों में सिर्फ उसे कार ही पसंद थी। वो चाहे जैसी हो, होनी कार ही चाहिए। उसका टूथब्रश भी कार की शेप वाला ही था। डैडी की वैगनआर की चाबी हमेशा उसकी पैंट में लटकी होती थी। डैडी के साथ कार में बैठकर उसका इतराना। विंडो के पास शैतानी करना। कार की चारों सीटों पर यूं उछलकूद करना जैसे बेडरूम का बेड हो। ड्राइव कर रहे डैडी को बड़े गौर से देखता था। गोयाकि गाड़ी चलाना सीख रहा हो। कारों के शौकीन इस बच्चे को छोटी-बड़ी अधिकतर कारों के नाम पता थे। कारों में फेवरेट उसकी होंडा सिटी थी। सड़क पर चलते हुए होंडा सिटी दिख जाए तो उछल पड़ता था। कारों की इतनी सटीक पहचान कि आगे चलती कार देखकर डैडी को नाम बता देता था। वो होंडा की हो या हुंडई की। डैडी से अक्सर पूछता था कि डैडी हमारी छोटी कार बड़ी कब होगी। डैडी भी बच्चे की खुशी के लिए होंडा सिटी खरीदने की सोच ही रहे थे, लेकिन अफसोस उसकी कई ख्वाहिशें पूरी न हो सकीं।

                                                                                                                                               शेष जारी...

Saturday, August 23, 2014

big break

its a very long time to write something....lots of things waiting to come on board....